शिमला में बर्फबारी से निपटने की तैयारी, पांच सेक्टरों में बांटा गया शहर
शिमला विंटर कार्निवाल में रोजाना 12 हजार वाहनों के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा की तैयारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बर्फबारी के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित बैठक में शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारी तैनात करने का निर्णय लिया गया।
बर्फबारी के दौरान अस्पतालों तक पहुंचने वाले मार्गों को प्राथमिकता से खोला जाएगा। बिजली, पेयजल और सड़क सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिमला में 25 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल के दौरान प्रतिदिन करीब 12 हजार वाहनों के पहुंचने का अनुमान है। इसके मद्देनजर पुलिस को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस के टायरों में चेन लगाने तथा अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध रखने को कहा गया है। राशन, रसोई गैस और डीजल का पर्याप्त भंडारण भी सुनिश्चित किया जाएगा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। आपदा की स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दे सकेंगे।