हिमाचल में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा, कोटखाई को मिली करोड़ों की सौगात
युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगारपरक शिक्षा के अवसर, नए पाठ्यक्रमों पर सरकार का फोकस
शिमला: हिमाचल प्रदेश के कोटखाई क्षेत्र में तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को प्रगति नगर में 10.62 करोड़ रुपये से निर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन और 1.04 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान में विद्यार्थियों की संख्या 950 से बढ़कर 1500 से अधिक हो गई है। संस्थान में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक, सिविल इंजीनियरिंग और अन्य तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।
उन्होंने 8.50 करोड़ रुपये से प्रस्तावित बालक छात्रावास और आठ करोड़ रुपये के आवासीय भवनों का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए दिसंबर में निविदाएं खोली जाएंगी। इसके अलावा डीएवी कॉलेज कोटखाई में 25 वर्षों बाद प्रधानाचार्य सहित आठ पद स्वीकृत किए गए हैं। गुम्मा विद्यालय को सीबीएसई से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।