हिमाचल में लुटेरी दुल्हन का खेल रिश्ता तय होते ही गहने लेकर फरार हुई मां बेटी
सिरमौर में मां बेटी लाखों के गहने लेकर फरार
नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हरिपुरधार क्षेत्र में एक परिवार ने आरोप लगाया है कि रिश्ता तय होने के बाद युवती और उसकी मां लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गईं। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी परिवार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की शादी के लिए एक बिचौलिए के माध्यम से रिश्ता तय हुआ था। 21 अगस्त को हरिपुरधार में गेस्ट हाउस में दोनों परिवारों की मुलाकात हुई, जिसके बाद शादी की बात पक्की हो गई।
रिश्ता तय होते ही दिए लाखों के गहने
परिवार का आरोप है कि शादी की रस्म के तौर पर युवती को करीब 2.20 लाख रुपये कीमत के सोने और हीरे के गहने दिए गए थे। इनमें सोने का पेंडेंट, अंगूठी और हीरे की ईयररिंग्स शामिल थीं। इसके अलावा रिश्ता करवाने वाले बिचौलिए को 31 हजार रुपये नकद देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार के अनुसार अगले दिन शादी की तैयारियां होनी थीं और युवती, उसकी मां व बिचौलिया परिवार के साथ दिल्ली जाने की योजना थी।
नाहन मेडिकल कॉलेज जाने के बाद नहीं लौटीं
शिकायत के मुताबिक युवती और उसकी मां ने नाहन मेडिकल कॉलेज में कार्यरत युवती के चाचा से मिलने की बात कही। दोनों वहां गईं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिवार का आरोप है कि वे अपने साथ दिए गए गहने भी लेकर चली गईं। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामला हरिपुरधार क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए संगड़ाह थाना भेजा गया है। पुलिस अब युवती, उसकी मां और बिचौलिए की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
शादी के नाम पर ठगी से रहें सावधान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी के लिए रिश्ता तय करते समय पूरी जानकारी और पहचान की पुष्टि जरूर करें। कई मामलों में फर्जी पहचान और झूठे रिश्तों के जरिए लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। सिरमौर के इस मामले में अब पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।