सोलन: हिमाचल प्रदेश के बद्दी औद्योगिक क्षेत्र स्थित थाना इलाके में एक पैकेजिंग कंपनी में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। आग लगते समय कंपनी में करीब 150 कामगार मौजूद थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक आग थाना स्थित विनटेक फायर प्रिंटिंग कंपनी में शाम करीब 5 बजे लगी। देखते ही देखते आग पहली मंजिल से बढ़कर तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से बड़ी मात्रा में तैयार माल और कच्चा माल जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए कुल सात फायर टेंडर लगाए गए। इनमें चार दमकल वाहन बद्दी, एक नालागढ़ और दो निजी कंपनियों के थे। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए लंबे समय तक अभियान चलाया।
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कंपनी वर्किंग कंडीशन में थी और अंदर बड़ी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे। आग की जानकारी मिलते ही सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रशासन के मुताबिक सभी 150 कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम डॉ. संजीव धीमान, तहसीलदार सुरेंद्र जीत और थाना प्रभारी शिव राम कृष्ण भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और दमकल तथा पुलिस की कार्रवाई की निगरानी की।
शुरुआती आकलन में कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान की बात कही गई है। हालांकि आग से कुल कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका विस्तृत आकलन अभी किया जाना है। तैयार माल और कच्चा माल बड़ी मात्रा में जल गया, जबकि दमकल विभाग ने आसपास की करोड़ों रुपये की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया।
आग लगने की सही वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग आग के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसा शॉर्ट सर्किट, मशीनरी में तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी, आपात निकास और अग्निशमन व्यवस्था की नियमित जांच की जरूरत को रेखांकित किया है।
Tags: