Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज से सटे इलाके के एक निजी होटल में दिल्ली की एक युवती ने एक व्यक्ति पर बलात्कार का आरोप लगाया है। पुलिस ने पर्यटक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को दिए बयान में युवती ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ यहां घूमने आई थी। रविवार सुबह उसकी तबीयत खराब थी, जिसके कारण वह अपने दोस्तों के साथ बाहर न जाकर होटल में ही रुक गई।
इस दौरान एक व्यक्ति ने खुद को होटल का अधिकारी बताकर उसके साथ बलात्कार किया। इस पूरे मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उधर, एएसपी कांगड़ा अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। युवती का मेडिकल कराया जा रहा है। साथ ही, इस बात की भी जांच चल रही है कि आरोपी होटल का अधिकारी है या नहीं।