होमस्टे में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, सात गिरफ्तार
जुए के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 हजार रुपये बरामद
शिमला: शिमला जिले के झाकड़ी में पुलिस ने एक होमस्टे में जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। सभी सात लोगों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 11 नवंबर की मध्यरात्रि को उपमंडल रामपुर की डिटेक्शन सेल की टीम को एक होमस्टे में जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होमस्टे में दबिश दी। इस दौरान वहां सात लोग ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्ते और 10 हजार रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस ने पकड़े गए लोगों की पहचान रामपुर निवासी खुशपाल मेहता, शिव सिंह, सतीश कुमार व निका राम, कुल्लू के निरमण्ड निवासी राजेंद्र ठाकुर व कीरत देव और किन्नौर के निचार निवासी जगदीप सिंह के रूप में की है।
इस मामले में पुलिस थाना झाकड़ी में सातों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने वीरवार को बताया कि जिले में जुआ सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।