Himachal Pradesh: पुलिस ने एक कैफे से 375 ग्राम चरस बरामद संचालक गिरफ्तार
Himachal Pradesh: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बडौली क्षेत्र में देहरा से ज्वालामुखी जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एक कैफे (संधू कैफे) पर छापा मारकर 375 ग्राम चरस बरामद की। छापेमारी के दौरान कैफे के कैश बॉक्स से नशे की यह खेप बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही कैफे संचालक साहिल संधू पुत्र गुरवचन सिंह निवासी कस्बा कोटला, तहसील जसवां कोटला, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच जारी, नशा माफिया पर कसेगा शिकंजा
पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि इस मामले की आगामी जांच थाना प्रभारी ज्वालामुखी इंस्पेक्टर विजय कुमार कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जिला देहरा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से नशे के कारोबार बढ़ने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन की सराहना की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ लिया जाएगा।