Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आज सुबह कुदरत का कहर देखने को मिला। सोलन-सुबाथू मार्ग पर देवठी के समीप आसमानी बिजली गिरने से 55 से अधिक भेड़-बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य बेजुबान बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। गनीमत यह रही कि इस भयंकर हादसे में 3 भेड़ पालक बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना आज सुबह करीब 3:45 बजे की है। भेड़ पालक अपने झुंड के साथ देवठी के पास मौजूद थे। तभी अचानक आसमान से बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए भेड़ पालक वहां टैंट लगा ही रहे थे कि अचानक जोरदार गर्जना के साथ आसमानी बिजली आ गिरी। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 55 से ज्यादा भेड़-बकरियां मौके पर ही मर गईं।
इस घटना में बाल-बाल बचे भेड़ पालक जनजातीय जिला किन्नौर के रहने वाले हैं। उनके पास कुल 650 भेड़-बकरियों का झुंड था। आसमानी बिजली की चपेट में आने से किन्नौर के भावा निवासी विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत और चौरा निवासी विनोद कुमार की भेड़-बकरियां मारी गई हैं।