Himachal Pradesh: नशा विरोधी अभियान में पुलिस को नशा तस्करी के संबंध में मिली बड़ी सफलता
Himachal Pradesh: भोरंज पुलिस द्वारा चलाए गए नशा विरोधी अभियान में भोरंज पुलिस को नशा तस्करी के संबंध में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने होशियारपुर से पंजाब से संबंधित 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नवप्रीत सिंह (20) उर्फ नवी पुत्र बलविंदर सिंह निवासी पूरन नगर टांडा रोड जिला होशियारपुर को एसआईयू प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होशियारपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी नवप्रीत ने माना कि वह लंबे समय से मादक पदार्थ चिट्टे की अवैध तस्करी कर रहा था और कई बार अन्य संलिप्त व्यक्तियों को चिट्टा बेच चुका है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें पाया गया कि वह पूर्व में हमीरपुर जेल में बंद रहने के दौरान अन्य आरोपियों से पहचान कर उनसे गठजोड़ कर चुका था। इस गिरफ्तारी को संगठित नशा गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वह यह नशा कहां से खरीदता था और किन माध्यमों से हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों में इसकी सप्लाई करता था।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया ताकि इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचा जा सके और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी भोरंजी प्रशांत ठाकुर ने बताया कि पुलिस प्रदेश के युवाओं को नशे के खतरे से बचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। गिरफ्तार आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।