Himachal Pradesh: संदिग्ध परिस्थितियों में भालू की मौत, तीन गोलियों के निशान
Himachal Pradesh : रविवार सुबह पट्टीढांक के पास एनएच-705 ठियोग-हाटकोटी नेशनल हाईवे पर एक भालू मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भालू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है और गर्दन पर गोली के निशान मिले हैं। गजटा ब्लॉक के बीट प्रभारी वन रक्षक हितेंद्र मोहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सुबह 6:35 बजे गड़ावग बीट के प्रभारी वन रक्षक बीरेंद्र ने उन्हें सूचना दी कि पट्टीढांक के पास सड़क किनारे एक भालू मृत अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही वह गजटा मुख्यालय से जंगल डी-176 बणी पहुंचे। यहां सड़क किनारे खून से लथपथ भालू का शव पड़ा मिला। उन्होंने तुरंत आसपास के जंगल में गश्त की लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। भालू की गर्दन और छाती पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया लग रहा है कि उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारी है। कोटखाई थाना प्रभारी अंकुश ठाकुर ने बताया कि भालू की गर्दन पर तीन गोलियां लगने के सबूत मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।