हिमाचल में कोहरे का अलर्ट, 25-26 नवंबर को इन इलाकों में रहें सावधान
हिमाचल में सूखी ठंड का सितम, दो दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में अगले दो दिन सुबह और शाम घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 25 और 26 नवंबर को कुछ स्थानों पर घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार सुबह बिलासपुर में दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई। मंडी में 250 मीटर और सुंदरनगर में 800 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, गति नियंत्रित रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
तापमान की बात करें तो शिमला का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम माइनस 5.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। कुकुमसेरी में पारा माइनस 4 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। फिलहाल बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश में शुष्क ठंड का असर बना हुआ है।