मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी में 24 नवंबर को गुरुपर्व के अवसर पर मांडव उत्सव आयोजित किया जाएगा। नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर ने सोमवार को बताया कि वर्ष 2024 से आयोजित हो रहे इस उत्सव में स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी रहेगी।

मेयर के अनुसार, मंगलवार सुबह राजदेवता माधोराय और बाबा भूतनाथ मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद माधोराय मंदिर से पड्डल स्थित मांडव शिला तक भव्य पारंपरिक जलेब निकाली जाएगी। इसमें पारंपरिक वेशभूषा में महिला मंडल, स्कूली बच्चे और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान हवन-यज्ञ का आयोजन होगा। साथ ही विद्वान युवाओं को धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के महत्व की जानकारी देंगे। मेयर ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य आपसी मेलजोल बढ़ाना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि पड्डल मैदान में मेले का आयोजन जिला प्रशासन करेगा, जबकि नगर निगम सहयोगी की भूमिका निभाएगा। जलेब और हवन प्रसाद का खर्च नगर निगम वहन करेगा।

स्थानीय लोककलाकारों की भागीदारी पर मेयर सुमन ठाकुर ने कहा कि कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं की सूची तैयार कर उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने मंडी की सांस्कृतिक परंपराओं को उचित मंच देने पर जोर दिया।

Tags: