हिमाचल में खेलो हिमाचल अभियान, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम
हिमाचल में युवाओं के लिए बड़ा मौका, आठ खेलों में दिखाएंगे दम
शिमला: हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष के युवा भाग ले सकेंगे। शिमला जिले में अब तक 998 टीमों ने पंजीकरण कराया है। इच्छुक टीमें 30 नवंबर तक आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकती हैं।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। इनमें क्रिकेट, बैडमिंटन, हॉकी, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स शामिल हैं।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। उपमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 51 हजार, जिला स्तर पर 2 लाख रुपये रखा गया है। राज्य स्तर पर कुश्ती और रस्साकशी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों के लिए 11 लाख, द्वितीय के लिए 5 लाख और तृतीय स्थान के लिए 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
अभियान का राज्य स्तरीय उद्घाटन 15 दिसंबर को धर्मशाला में होगा। उपमंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 दिसंबर से शुरू होंगी। शिमला जिले का उद्घाटन समारोह सुन्नी में प्रस्तावित है।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने और युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।