NH-154 पर अंडरपास निर्माण की उम्मीद, केंद्र ने लिया संज्ञान
शाहपुर-रेहलू लिंक रोड पर अंडरपास की मांग, गडकरी ने दिया जवाब
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शाहपुर–रेहलू लिंक रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-154 की क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर अंडरपास निर्माण की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अंडरपास बनने से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी।
पठानिया ने कहा कि अंडरपास बनने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा मामले पर संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा देने के लिए आभार जताया।
विधायक ने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे शाहपुर और रेहलू क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।