नाहन: हिमाचल प्रदेश के उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चांदनी में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने अधिकारियों को छह महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए काम कर रही है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

उन्होंने बताया कि शिलाई अस्पताल में छह विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा शिलाई विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं।

मंत्री ने कहा कि 24 करोड़ रुपये की लागत से मानल-कोडगा-सकोली सड़क तथा 50 लाख रुपये से सत्तोन-चांदनी सड़क को पक्का किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा विभाग के लगभग 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं और शेष पद जल्द भरने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर हर्षवर्धन चौहान ने चांदनी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

Tags: