Himachal Pradesh: एक साथ रह रहे पुरुष और महिला से 1 किलो 246 ग्राम चरस बरामद
Himachal Pradesh: पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत गांव रक्कड़ में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर रात एक साथ रह रहे महिला व पुरुष के घर पर दबिश देकर 1 किलो 246 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में गिरफ्तार पुरुष आरोपी रक्कड़ व महिला आरोपी गांव खरौटा की बताई जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को इन दोनों आरोपियों के चरस के कारोबार में संलिप्त होने के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी।
इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार देर रात करीब 2 बजे के बाद इनके घर पर दबिश दी। जहां से पुलिस ने मौके से 1 किलो 246 ग्राम चरस बरामद की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना धर्मशाला ले आई और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस जिला कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने चरस मामले में एक पुरुष व एक महिला को गिरफ्तार किया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।