Himachal : हिमाचल प्रदेश के जवाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटला गांव में देहर खड्ड के पास तेंदुआ दिखाई देने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। यह घटना उस समय सामने आई जब कुछ लोगों ने तेंदुए को खड्ड के पानी में नहाते और फिर पास की एक चट्टान पर आराम करते देखा। जिसने भी यह नजारा देखा वह हैरान रह गया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने नहाते और चट्टान पर आराम करते तेंदुए का वीडियो भी बनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद तेंदुआ फेथी राजोल अनुही वन बीट के जंगल की ओर चला गया। बताया गया कि तेंदुए और लोगों के बीच की दूरी करीब 10 से 15 फीट थी। तेंदुए को इतने करीब देखकर कुछ देर के लिए लोगों की सांसें थम सी गईं, लेकिन जब तेंदुआ जंगल में चला गया तो उन्होंने राहत की सांस ली। यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में तेंदुए का आतंक देखने को मिला हो।
तेंदुआ इससे पहले भी ग्राम पंचायत राजोल के गांव राजोल में भेड़-बकरियों और कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अनुही वन बीट में मादा तेंदुआ अपने दो बच्चों के साथ घूमती रहती है, इसके अलावा तीन अन्य तेंदुए भी इस क्षेत्र में देखे गए हैं। इससे पता चलता है कि यह क्षेत्र तेंदुओं का रिहायशी इलाका बन चुका है।