Himachal हिमाचल: पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत हरिपुरधार के पास एक कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चंद्रपाल (48) पुत्र सुंदर सिंह निवासी गांव सैल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रपाल सैल वाहन (एचपी-79-1135) में सवार होकर हरिपुरधार से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान लिंक रोड सैल के कैंची मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दौरान चंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।