Hamirpur हमीरपुर: बमसन तहसील टौणी देवी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नाडसी के खंडेहड़ा गांव में वीरवार रात करीब 11 बजे आसमानी बिजली गिरने से कुलदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय जयकरण सिंह के पक्के मकान के दो कमरे जलकर राख हो गए। जब आसमानी बिजली गिरी तो कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी घर के अंदर सो रहे थे। जब ग्रामीणों ने कुलदीप सिंह के घर में आग देखी तो उन्होंने कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी को घर के अंदर से सुरक्षित बाहर निकाला। आसमानी बिजली से इतनी भयंकर आग लगी कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों ने रात भर बड़ी हिम्मत से आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घर जलने से बच गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रधान सुनील कुमार ने प्रशासन को इसकी सूचना दे दी है। बमसन तहसील टौणी देवी के नायब तहसीलदार देसराज कटवाल का कहना है कि स्थानीय पटवारी और कानूनगो को घटना की सूचना दे दी गई है और दोनों अधिकारी मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करेंगे साथ ही नुकसान का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी जल्द से जल्द अमल में लाई जाएगी।