हिमाचल में सूखी ठंड का कहर, जमने लगे जलस्रोत
हिमाचल के पांच शहरों में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के इंतजार के बीच सर्दी लगातार बढ़ रही है। रात के तापमान में गिरावट से सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। लाहौल-स्पीति के तीन प्रमुख क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड के चलते प्राकृतिक जलस्रोतों और नालों का पानी भी जमने लगा है।
सोमवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस अवधि में बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है।
प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। पालमपुर में सामान्य से तीन डिग्री कम 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। नाहन में 9.9 डिग्री, मंडी में 6.7 डिग्री, चंबा में 6 डिग्री और कांगड़ा में 7.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का प्रभाव सबसे अधिक दिखाई दे रहा है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। केलांग में माइनस दो डिग्री और ताबो में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, कल्पा में 1.8 डिग्री, मनाली में 2.6 डिग्री, सियोबाग में तीन डिग्री और बजौरा में 3.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। भुंतर में 4.3 डिग्री, सोलन में पांच डिग्री, सुंदरनगर में 5.6 डिग्री और बरठीं में 6.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कुफरी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री, शिमला और ऊना में 7.6 डिग्री, बिलासपुर में 8.5 डिग्री, देहरा गोपीपुर में नौ डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। धर्मशाला में 10.2 डिग्री, नेरी में 13.1 डिग्री और सराहन में 14.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पांवटा साहिब में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। हालांकि, सूरज ढलते ही ठंड का असर बढ़ जाता है। सूखी ठंड के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं। ऐसे में प्रदेशवासियों को फिलहाल सूखी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है।