नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे खजान सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिलाई तहसील के कथयाड गांव निवासी विनोद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश की बात सामने आई है।

घटना 10 नवंबर की सुबह करीब 7:20 बजे हुई थी। खजान सिंह अपने भाई रविंद्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर चांदपुर धार से घर लौट रहा था। कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी और पीछे बैठा खजान सिंह नीचे गिर गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

रविंद्र सिंह ने अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद और अंदर चांदी रंग की धातु की गोली मिली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी के निर्देश पर डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 18 नवंबर को विनोद को गिरफ्तार किया।

एसपी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की बहन सुमन को मृतक का बेटा रोहित घर से ले गया था। इसी बात को लेकर आरोपी कथित तौर पर रंजिश रखता था और उसने हत्या की साजिश रची।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Tags: