गुरुग्राम में तीन कर्मचारियों की मौत का मामला, सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान
भौंडसी हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलीं डॉ. सुषमा गोरियाल, न्याय दिलाने का आश्वासन
गुरुग्राम: भौंडसी स्थित एक कंपनी के केमिकल सेफ्टी टैंक में 11 नवंबर को तीन कर्मचारियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपनी प्रबंधन और मृतकों के परिजनों के साथ बैठक कर हादसे की जानकारी ली।
डॉ. गोरियाल ने कंपनी प्रबंधन को सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पात्र मृतक सफाई कर्मचारियों के परिवारों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।
आयोग की सदस्य ने भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कंपनी को सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने और जिम्मेदार पक्षों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आयोग आवश्यक कार्रवाई करेगा।