हिसार में पुलिस और वकीलों के बीच विवाद, दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज
बार एसोसिएशन के विरोध के बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
हिसार: जिंदल चौक पर ट्रैफिक पुलिस और वकीलों के बीच हुए विवाद में अब दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पहले एडवोकेट विशाल यादव और सूरज यादव के खिलाफ मारपीट, वर्दी फाड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। वहीं, वकीलों ने 10 से 12 पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद हिसार बार एसोसिएशन ने विरोध जताते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से मुलाकात की थी। एसोसिएशन ने बुधवार दोपहर तीन बजे तक संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया था।
बार प्रधान प्रदीप सिंह बाजिया के अनुसार, निर्धारित समय सीमा से पहले पुलिस ने तीन-चार नामजद पुलिसकर्मियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद बार एसोसिएशन ने जनरल हाउस की बैठक बुलाने का निर्णय वापस ले लिया।
विवाद 24 नवंबर की शाम जिंदल चौक पर कार रोकने को लेकर शुरू हुआ था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच कर रही है।