रेवाड़ी: साबन गांव में गुरुवार को पुराने कुएं से करीब 35 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी खराब हो चुका है, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव के पुराने कुएं के आसपास बुधवार देर शाम ग्रामीणों को दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर उन्होंने आसपास जांच की तो कुएं से तेज बदबू आने का पता चला। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

कुआं करीब 100 फीट गहरा है। रात के समय अंधेरा होने के साथ ही कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने रात में शव निकालने का अभियान शुरू नहीं किया।

गुरुवार सुबह विशेषज्ञों और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम की मौजूदगी में कुएं की जांच और शव निकालने का अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान कुआं अंदर से पूरी तरह सूखा मिला।

शव की हालत देखकर पुलिस का अनुमान है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी। शव क्षत-विक्षत होने के कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के गांवों में युवक के संबंध में जानकारी जुटा रही है और उसकी पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

बावल थाना एसएचओ फूल कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। शव काफी पुराना होने के कारण पहचान नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Tags: