गुरुग्राम: एसजीटी यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय नौवें सिनर्जी टेक फेस्ट-2026 का शुक्रवार को भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संकायों के विद्यार्थियों ने 170 से अधिक प्रोजेक्ट स्टॉल के माध्यम से अपनी प्रतिभा और तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में भारत सरकार के नीति सलाहकार एवं सीएसआईआर-आईएमटेक रिसर्च काउंसिल के सदस्य डॉ. श्रीनिवास लंका मुख्य अतिथि रहे। टेक महिंद्रा के पूर्व सीईओ एवं सर्वम एआई के निदेशक संजय कालरा विशिष्ट अतिथि और प्रसार भारती के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार सहगल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पद्मभूषण राम बहादुर राय भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. श्रीनिवास लंका ने कहा कि भारत ने गंभीर बीमारियों के सस्ते और प्रभावी उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि विश्व में दवाओं की करीब 30 प्रतिशत और वैक्सीन की 70 प्रतिशत मांग भारत पूरी कर रहा है। हालांकि, दवाओं की ऊंची कीमत अब भी एक बड़ी चुनौती है।

डॉ. नवनीत कुमार सहगल ने 170 से अधिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने के लिए विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत में स्टार्टअप का बड़ा इकोसिस्टम विकसित हुआ है, लेकिन तकनीकी क्षेत्र में दूसरे देशों पर निर्भरता कम करना अभी भी महत्वपूर्ण चुनौती है।

संजय कालरा ने विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या को समझकर योजनाबद्ध तरीके से उसका समाधान करने की दिशा में काम करना चाहिए।

कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार कौल के स्वागत भाषण से हुई। समापन समारोह में सिनर्जी टेक फेस्ट-2026 के विजेताओं को अतिथियों ने सम्मानित किया।

Tags: