नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में पुन्हाना थाना पुलिस ने करीब 13 साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के शाहपुरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2013 में दर्ज लूट के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसे राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सूचना मिली कि गांव नांगल रूपाहेड़ी निवासी नियाजू राजस्थान के शाहपुरा थाने में दर्ज लूट के मामले में वांछित है।

आरोपी वर्ष 2013 में मामला दर्ज होने के बाद से गिरफ्तारी से बच रहा था। लंबे समय तक पुलिस की पकड़ में नहीं आने के कारण वर्ष 2023 में उसे फरार घोषित कर दिया गया था। राजस्थान पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

आरोपी की तलाश में राजस्थान पुलिस ने नूंह पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद पुन्हाना थाना पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नियाजू को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।

आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Tags: