अग्रोहा में दो अवैध कॉलोनियों पर DTP की कार्रवाई, सड़कें और चारदीवारी तोड़ी
अवैध कॉलोनियों में जमीन खरीदने से बचें, DTP ने लोगों को किया आगाह
हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही दो कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में विभागीय टीम ने करीब पांच एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने अग्रोहा-बरवाला रोड और अग्रोहा-आदमपुर रोड पर अभियान चलाया। इस दौरान कॉलोनियों में बनाए गए रास्तों, इंटरलॉकिंग सड़कों और चारदीवारी को तोड़ा गया।
विभाग के अनुसार, कृषि भूमि पर बिना सरकारी अनुमति और भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) के कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। अग्रोहा-बरवाला रोड पर करीब दो एकड़ में विकसित की जा रही कॉलोनी के कच्चे-पक्के निर्माण और रास्ते हटाए गए। वहीं, अग्रोहा-आदमपुर रोड पर लगभग तीन एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी की इंटरलॉकिंग सड़कें और चारदीवारी उखाड़ दी गई।
कार्रवाई के दौरान गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के कार्यकारी अभियंता सुनील ग्रोवर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। अभियान में कनिष्ठ अभियंता हरिमोहन सहित विभागीय कर्मचारी शामिल थे।
डीटीपी दिनेश कुमार ने कहा कि जिले में अवैध निर्माण और बिना लाइसेंस कॉलोनियां विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता की जांच जरूर कर लें।