नाहन: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में विजट महाराज जी का पारंपरिक शाही स्नान (एकादशी देव स्नान) श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हामल, चेता, पुलबाहल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। चूड़धार की प्राचीन पवित्र बावड़ी, जिसे 'अमृत की बावड़ी' कहा जाता है, के जल से विजट महाराज जी का विधिवत अभिषेक किया गया।

धार्मिक परंपरा के अनुसार, श्रद्धालु विजट महाराज की मूर्ति लेकर कठिन पहाड़ी रास्तों से पैदल चूड़धार पहुंचे। यहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद देव स्नान कराया गया और देवता को सोने के सिक्के अर्पित किए गए।

यात्रा के दौरान ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक देव नृत्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं में देवता के दर्शन और शाही स्नान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

20 नवंबर को शाही स्नान की सभी धार्मिक रस्में पूरी होने के बाद देव यात्रा वापस सराहण पहुंची। यह आयोजन क्षेत्र की प्राचीन देव परंपराओं, लोक संस्कृति और सामूहिक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।

Tags: