रिश्वत की पहली किस्त लेते ही फंसा पुलिस अधिकारी, ACB का बड़ा एक्शन
गुरुग्राम पुलिस का सब-इंस्पेक्टर रिश्वत मामले में गिरफ्तार, ACB ने बिछाया जाल
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। शिवाजी नगर थाने में तैनात एडिशनल एसएचओ सब-इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पुलिस अधिकारी पर शिकायत का निपटारा करने और मुकदमा दर्ज नहीं करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि भूपेंद्र नामक व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिवाजी नगर थाने में शिकायत दी थी। इस मामले में सब-इंस्पेक्टर नरपाल सिंह कथित तौर पर उस पर भूपेंद्र और अरसद को पैसे देने का दबाव बना रहा था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी जा रही थी। मामले को रफा-दफा करने के लिए सब-इंस्पेक्टर ने शुरुआत में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 60 हजार रुपये तय हुई। शिकायतकर्ता के पास तत्काल 30 हजार रुपये की व्यवस्था होने के कारण पहली किस्त के रूप में यह रकम देने पर सहमति बनी।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने पर गुरुग्राम एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
रविवार को जैसे ही सब-इंस्पेक्टर नरपाल सिंह ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएनएल) के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे।
एसीबी ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर नरपाल सिंह के खिलाफ एसीबी थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।