हांसी: हरियाणा के हांसी में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कुंदनापुर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हिसार रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान हांसी जिले के गांव सिंघवा निवासी गौरव और महम में गीता मंदिर के पास रहने वाले शुभम के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान महम निवासी आयुष के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार से फ्लाईओवर पर गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हवा में उछलकर पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसे के दौरान कार में सवार एक युवक खिड़की से बाहर निकलकर फ्लाईओवर के बीच बने खाली स्थान से कई फीट नीचे जा गिरा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों युवकों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गौरव और शुभम को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल आयुष को प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर किया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंचे। दो युवकों की मौत की खबर से परिवारों में शोक छा गया।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

शेखपुरा चौकी के जांच अधिकारी एएसआई सत्यवान ने बताया कि कुंदनापुर फ्लाईओवर पर मोड़ होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा रहता है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Tags: