नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर अपनी पहचान छिपाने और लोगों से ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं।

नूंह पुलिस की ओर से जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत साइबर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पुनहाना और पिनगवां क्षेत्र के दो युवक सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने दोनों क्षेत्रों में दबिश देकर संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले मामले में पुलिस ने जुनैद निवासी हाजीबास मुंढेता, थाना पिनगवां को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद हुआ है।

दूसरे मामले में पुलिस ने राहिल खान निवासी चंद्राका, थाना सदर पुनहाना को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों के खिलाफ साइबर पोर्टल पर अलग-अलग शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन्हीं शिकायतों और मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।

अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के माध्यम से कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।

पुलिस ठगी की रकम के लेनदेन और संभावित बैंक खातों की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के साथ इस कथित साइबर ठगी नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है।

Tags: