हरियाणा में दिनदहाड़े खूनी वारदात, छह गोलियां चलाकर पड़ोसी की हत्या
कैथल में पांच गोलियां लगने से व्यक्ति की मौत, आरोपी फरार
कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के गांव जाजनपुर में रविवार दोपहर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने पड़ोसी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में 42 वर्षीय राजीव की मौत हो गई। आरोपी ने कुल छह गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच राजीव को लगीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पहली गोली लगने के बाद राजीव ने हाथ जोड़कर आरोपी से पूछा कि आखिर उसका कसूर क्या है। आरोप है कि इसके बावजूद वीरेंद्र ने गोलियां चलाना जारी रखा।
अचानक गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के सदस्यों को पहले लगा कि गली में पटाखे चल रहे हैं। कुछ देर बाद राजीव की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग बाहर निकले। राजीव गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी वीरेंद्र कुमार खेती-बाड़ी के साथ वकालत भी करता है। वह आम आदमी पार्टी की लीगल सेल का पूर्व हलका अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल रिवॉल्वर उसके नाम पर लाइसेंसी होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ढांड थाना पुलिस, सीआईए और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमें मौके पर पहुंचीं। डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि हत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।