पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ाने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार
अग्रोहा पुलिस की कार्रवाई, भरत और उसकी पत्नी कविता एक दिन के रिमांड पर
हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में अदालत के गिरफ्तारी वारंट की तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने और हिरासत में लिए गए आरोपी को जबरन छुड़ाने के मामले में अग्रोहा पुलिस ने महिला सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खासा महाजन निवासी भरत और उसकी पत्नी कविता के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस शिकायत के अनुसार, 16 नवंबर को अग्रोहा थाने में तैनात उप निरीक्षक साहबराम मुख्य सिपाही रमेश कुमार, एसपीओ विजेंद्र और सरकारी वाहन चालक गोबिंद सिंह के साथ गिरफ्तारी वारंट की तामील कराने गांव खासा महाजन पहुंचे थे। पुलिस टीम ने वारंट के आधार पर भरत सिंह को हिरासत में लेने का प्रयास किया।
इसी दौरान भरत की पत्नी, परिवार के अन्य सदस्यों और कुछ लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के साथ हाथापाई और मारपीट की। हमले में मुख्य सिपाही रमेश कुमार और चालक गोबिंद सिंह को चोटें आईं। आरोपियों ने गोबिंद सिंह की सरकारी वर्दी भी फाड़ दी और हिरासत में लिए गए भरत सिंह को जबरन छुड़ा लिया।
पुलिस टीम ने मौके से दीपक उर्फ चिंटू को पकड़ लिया था। इसके बाद अग्रोहा थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले दीपक उर्फ चिंटू और शकुंतला को गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब भरत और उसकी पत्नी कविता को भी गिरफ्तार कर पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है।