Haryana हरियाणा: पानीपत में सोमवार को एक लड़की ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस वहां पहुंची। शव की जांच की गई तो उसकी कलाई कटी हुई थी। हाथ पर लिखा था- 'मैं आपके पास आ रही हूं।' लड़की की जेब से एक व्यक्ति का फोटो भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक सचखंड एक्सप्रेस की चपेट में आने से लड़की की मौत हुई है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पानीपत जीआरपी सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि हमें स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि समालखा में रेलवे लाइन के पास एक लड़की का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची। लड़की ने लाल रंग का लोअर और जर्सी पहनी हुई थी। उन्होंने बताया कि सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वह सचखंड एक्सप्रेस की चपेट में आ गई थी। शव के पास जाकर देखा तो युवती की उम्र 30 से 35 साल के बीच थी। उसकी दोनों कलाइयां कटी हुई थीं।
उसने अपने हाथ पर किसी नुकीली चीज से 'मैं तुम्हारे पास आ रही हूं' लिख रखा था। पुलिस ने जब उसकी लोअर की जेब चेक की तो उसमें एक व्यक्ति की फोटो मिली। रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज जसबीर ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाके में युवती की पहचान करवाने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद उसके शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया। पुलिस अगले 72 घंटे तक युवती की पहचान करवाने की कोशिश करेगी, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।
Tags: