Haryana Weather : 11 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें अपने क्षेत्र का हाल
Haryana Weather : मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और अंबाला शामिल हैं। बाकी जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, आज सुबह सोनीपत और कुरुक्षेत्र के कुछ इलाकों में बारिश हुई।
इससे पहले मंगलवार को 8 जिलों में बारिश हुई थी। इससे सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। इस सीजन में अब तक प्रदेश में औसतन 111.1 एमएम बारिश दर्ज की गई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 10 जुलाई तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
मंगलवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।