Haryana हरियाणा: शहर के पॉश इलाके सेक्टर-27 में निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की दीवार और मिट्टी ढहने से चार मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में आठ मजदूर बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और ठेकेदार व मकान मालिक की मदद से पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां एक की मौत हो गई जबकि तीन भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार एक मजदूर को मामूली चोटें आई थीं और उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों की मानें तो मौके पर राजमिस्त्री समेत एक दर्जन मजदूर काम कर रहे थे, जहां बेसमेंट की खुदाई कर दीवार बनाई जा रही थी। मौके पर मौजूद मकान मालिक, ठेकेदार और मजदूरों ने बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कुछ देर बाद ही मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां पश्चिम बंगाल निवासी 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और एक मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लोगों के मुताबिक कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद पानी जमा हो गया था। बगल के मकान को नुकसान से बचाने के लिए बेसमेंट में दीवार बनाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।