Haryana: प्रतिबंधित दवाओं का कारोबार, पुलिस की छापेमारी, नशीली दवाओं की खेप बरामद
Haryana हरियाणा: पुलिस ने फतेहाबाद के सतीश कॉलोनी स्थित रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित एक गोदाम पर छापा मारकर सवा लाख प्रतिबंधित गोलियां और कैप्सूल बरामद किए। इस कार्रवाई में एक आरोपी लखविंदर सिंह उर्फ काला (निवासी गाँव मुसैहली, वर्तमान निवासी भाटिया कॉलोनी, फतेहाबाद) को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सतीश कॉलोनी स्थित एक किराए के गोदाम में अवैध नशीली दवाएं रखी जा रही हैं। इस सूचना के आधार पर, ड्रग्स इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के साथ एक संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान गोदाम से लगभग सवा लाख प्रतिबंधित गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी लखविंदर सिंह कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने उसके खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि ये प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई गई थीं और कहां वितरित की जा रही थीं।