Haryana: कामयाबी, राजमिस्त्री की बेटी ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर जीता गोल्ड
Haryana हरियाणा: हौसला बुलंद हो तो सफलता जरूर मिलती है। हम बता रहे हैं हरियाणा के फतेहाबाद के बोस्ती गांव की रहने वाली पूजा की कहानी। सुविधाओं के अभाव के बावजूद उसने ऊंची कूद की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता और नया रिकॉर्ड भी बनाया। पूजा परता स्पोर्ट्स एकेडमी में अभ्यास करती हैं। बता दें कि उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को ऊंची कूद प्रतियोगिता में फतेहाबाद जिले की टोहाना विधानसभा के बोस्ती गांव की बेटी पूजा ने 1.84 मीटर कूदकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
तमिलनाडु की गोबिका ने 1.79 मीटर कूदकर रजत और फतेहाबाद की रेखा ने 1.77 मीटर कूदकर कांस्य पदक जीता। गौरतलब है कि 2022 के राष्ट्रीय खेलों में पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन ने 1.83 मीटर का रिकॉर्ड बनाया था। पारता स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक एवं पूजा के कोच बलवान पारता ने बताया कि फतेहाबाद जिले के राजमिस्त्री की बेटी पूजा ने 1.84 मीटर ऊंची कूद का स्वर्ण पदक बरकरार रखा। इस दौरान पूजा ने बताया कि मैंने ऊंची कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। हाल ही में मैं उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल खेलने गई थी, जो 18 जनवरी से शुरू हुए थे और मेरा इवेंट 12 फरवरी को था। इस दौरान मैंने ऊंची कूद में 1.84 मीटर कूदकर रिकॉर्ड बनाया।
पूजा ने बताया कि मैं पारता के सरकारी स्कूल में अभ्यास करती हूं और रोजाना कम से कम 8 घंटे ग्राउंड पर बिताती हूं। इस जीत का श्रेय मैं अपने कोच और माता-पिता को देना चाहती हूं। सरकार की ओर से छात्रवृत्ति के रूप में जो नकद पुरस्कार दिया जाता है, वह दो साल से बंद है। अगर यह समय पर मिल जाए तो इससे हमें मदद मिल सकती है। पूजा ने बताया कि मेरे पिता राजमिस्त्री हैं और मां घरों में काम करती हैं।