Haryana हरियाणा: फतेहाबाद शहर के भट्टू रोड पर एक स्कूल वैन में आग लगने का मामला सामने आया है। जिसके बाद वैन के चालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को नीचे उतार लिया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। मौके पर ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग की घटना शहर के भट्टू रोड गोदाम के पास हुई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई बच्चा हताहत नहीं हुआ है।
फायर ब्रिगेड के कर्मचारी छैलू राम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया। जिस वैन में आग लगी थी। वह स्कूल वैन शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहाबाद की है, जो शहर के भट्टू रोड पर स्थित है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती दौर में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगना बताया जा रहा है।