Haryana हरियाणा: धार्मिक नगरी कुरुक्षेत्र के गांव मिर्जापुर के पास से गुजर रही भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर में सैकड़ों गोलियों के खोल मिले। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कुछ गोताखोर मिर्जापुर भाखड़ा नहर की पटरी पर तलाश कर रहे थे। इस दौरान उन्हें नहर किनारे कुछ चमकदार पत्थर जैसी वस्तु दिखाई दी। मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण करने पर गोलियों के खोल दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत डायल 112 को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 के अलावा थर्ड गेट व आदर्श थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां सैकड़ों खाली खोल पानी से निकालकर पुलिस को सौंप दिए।
चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि एएसआई सतीश क्षेत्र में हो रही बाइक चोरी के मामले में गोताखोर रिंकू की टीम के साथ भाखड़ा नहर में तलाश कर रहे थे। इस दौरान पानी में पीतल जैसी चमकदार वस्तु दिखाई दी, जिसे बाहर निकालने पर उन्हें गोलियों के खोल मिले। थर्ड गेट चौकी प्रभारी विनोद ने बताया कि कुल 539 खाली खोल बरामद किए गए हैं। 451 खाली कारतूस हैं जिन पर पेंदा 325 बी.डब्लू.एल.के.एफ. छपा हुआ है। इसके अलावा 49 खाली कारतूस हैं जिन पर जी.एफ.एल. 380-911 छपा हुआ है। बरामद किए गए 8 कारतूस 12 बोर के हैं तथा 31 डमी कारतूसों के अंदर हरे रंग का प्लास्टिक लगा हुआ है जो क्षतिग्रस्त है।
उधर, चौकी प्रभारी विनोद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा सभी कारतूसों को सील कर दिया गया है। संभव है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कारतूसों के इन खाली कारतूसों को नष्ट करने की नीयत से नहर में फेंका हो तथा यह भी संभव है कि ये चोरी किए गए हों या किसी अज्ञात स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद इन्हें नहर में फेंका गया हो। फिलहाल इसकी गहनता से जांच की जाएगी।