Haryana हरियाणा: रक्षाबंधन के दिन शहर के वार्ड-13 निवासी भूपेंद्र की श्यामसर तालाब में डूबने से मौत हो गई। पैर फिसलने से हादसा हुआ और करीब साढ़े चार घंटे बाद भूपेंद्र का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। शहर थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र लोहारू रोड पर टायर पंचर की दुकान चलाता था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। रक्षाबंधन के दिन वह दुकान के नाम पर घर से निकला था। दुकान पर जाने से पहले वह कुछ देर के लिए श्यामसर तालाब की दीवार पर बैठा रहा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत डायल 112 पर हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिर दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद भूपेंद्र का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस शव को सिविल अस्पताल ले गई और वहां कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम करवाया।