Haryana News: बिजली कर्मचारी की मौत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Haryana News: लाठ गांव के बिजली कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत नहीं हुई बल्कि उसकी हत्या की गई है। खानपुर कलां गांव स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में मृतक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार मंजीत (34) हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अधीन कार्यरत था। यह बिजली कर्मचारी फरमाणा गांव में ड्यूटी पर था। वह 8 फरवरी को बाइक पर लाठ से फरमाणा के लिए निकला था। शाम को पता चला कि वह लाठ-भैंसवाल कलां रोड पर रेलवे फाटक के पास गंभीर हालत में पड़ा है। उसे तुरंत महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों का मानना था कि मंजीत की मौत सड़क हादसे में हुई होगी, लेकिन महिला मेडिकल कॉलेज में हुए शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया कि मंजीत की हत्या की गई है। रिपोर्ट के अनुसार उसके शरीर पर चोटों के गंभीर निशान पाए गए हैं। उसकी नाक, माथे और होठों पर चोटें थीं। पीठ के निचले हिस्से पर भी कई खरोंचें पाई गई हैं। मृतक के भाई के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गोहाना सदर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।