Haryana murder: करनाल में रविवार 27 अक्टूबर को एक खाली प्लॉट में एक शव मिला है। घटना का पता तब चला जब दोपहर में कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे। लोगों का कहना है कि युवक का शव खाली प्लॉट में पड़ा था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना का पता चलते ही सेक्टर 32, 33 थाने के एसएचओ, डीएसपी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक मृतक की उम्र 22 साल है, शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक पर किसी धारदार हथियार या भारी पत्थर से हमला किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक युवक ने काले रंग की शर्ट, नीली पैंट और काले रंग के जूते पहने हुए हैं, इसके अलावा युवक ने हाथ में एक ब्रेसलेट पहना हुआ है, जिस पर 'राधे राधे' लिखा हुआ है। पुलिस का यह भी कहना है कि शव की हालत से अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की बीती रात हत्या की गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Tags: