Haryana: लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) पलवल क्षेत्र में हरियाणा पशु विज्ञान केन्द्र की स्थापना करेगा। यह केंद्र भविष्य में क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों के लिए आधुनिक ज्ञान, उन्नत तकनीक और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा तथा प्रदेश में पशुपालन क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
यह केन्द्र पलवल क्षेत्र के गांव पातली खुर्द में बनाया जाएगा। इस केन्द्र के लिए ग्राम पंचायत पातली खुर्द, खंड पृथला द्वारा 60 कनाल व 16 मरला भूमि लुवास को 33 वर्षों की अवधि के लिए लीज पर प्रदान की गई है। इस लीज प्रक्रिया को छात्र कल्याण निदेशक एवं सम्पदा अधिकारी डा. संदीप गुप्ता, ग्राम पंचायत पातली खुर्द की सरपंच रेखा, राजबीर नंबरदार तथा पशु विज्ञान केंद्र पलवल से डा. रेखा दहिया की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत रूप से सम्पन्न किया गया।