Haryana हरियाणा: टोहाना शहर के वाल्मीकि चौक पर स्थित नैन मेडिकल स्टोर में देर रात आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से दुकान में एसी, फ्रिज, फिटिंग, इनवर्टर, बैटरी, दवाइयां समेत करीब 12 लाख का नुकसान हुआ है।
धमतान निवासी अमित नैन ने बताया कि उसने करीब 7 साल पहले दुकान खोली थी और रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चला गया था। रात करीब 2.30 बजे होमगार्ड का फोन आया कि दुकान में आग लग गई है, तब वह मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी है।
दुकानदार अमित नैन ने बताया कि हरियाणा सरकार ऐसे नुकसान होने पर व्यापारियों की मदद करती है, इसलिए वह सरकार से मदद की अपील करते हैं, क्योंकि इस आग लगने से उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि वह इसी दुकान के सहारे अपना भरण-पोषण करते हैं। केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष कन्हैया लाल अरोड़ा ने बताया कि अमित की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी जिससे काफी नुकसान हुआ है। सरकार को उनकी मदद करनी चाहिए ताकि वह अपनी दुकान फिर से शुरू कर सकें।