Haryana हरियाणा: गुरुग्राम के पास मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक तेज़ रफ़्तार ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। ट्रक के गिरते ही ज़ोरदार धमाका हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। इससे उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक बहुत तेज़ रफ़्तार से जा रहा था और अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। ट्रक अमेज़न की डिलीवरी पार्टनर कंपनी का बताया जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, होम डिलीवरी का सामान और अन्य महंगे पैकेज भरे हुए थे। ट्रक के नीचे गिरते ही उसमें तुरंत आग लग गई और पूरा ट्रक जलने लगा।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि आसपास का इलाका धुएँ से भर गया। ट्रक का ड्राइवर और कंडक्टर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसा ट्रक की तेज गति और ब्रेक फेल होने के कारण हुआ।