Haryana: गर्मी ने दिखाना शुरू किया अपना प्रचंड रूप, पारा पहुंचा 40 डिग्री

Update: 2025-04-07 04:34 GMT
Haryanaहरियाणा: हरियाणा में गर्मी का असर दिखने लगा है। पूरे इलाके में दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है। 24 घंटे में दोपहर के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। रोहतक और नारनौल का दोपहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रविवार को ये दोनों ही इलाके हरियाणा के सबसे गर्म इलाके रहे। इसके अलावा हिसार, सिरसा, बालसमंद, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद का दोपहर का तापमान 39.3 से 39.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अन्य जगहों पर तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। रात का तापमान 16.0 से 21.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू चलने की चेतावनी दी है।
10 अप्रैल तक येलो/ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके चलते पूरे इलाके में गर्मी और तेज होगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि आमतौर पर अप्रैल के पहले पखवाड़े में मौसम सुहाना रहता है और अंतिम सप्ताह में धीरे-धीरे गर्मी अपना रंग दिखाती है, लेकिन इस वर्ष अप्रैल के आरंभ में ही हरियाणा के कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनने लगी है। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि 9 अप्रैल को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से समूचे मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा में मौसम में आंशिक बदलाव होने से तापमान में मामूली गिरावट आएगी। असहनीय गर्मी और लू की गतिविधियों के चलते भारतीय मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के पश्चिमी जिलों और दक्षिणी जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है।
Tags:    

Similar News