Haryana हरियाणा: गांव उग्राखेड़ी निवासी किसान कृष्ण पुत्र इंद्र सिंह मलिक के गेहूं के खेत में शनिवार दोपहर आग लग गई। गेहूं की फसल में आग लगने की सूचना मिलते ही सेक्टर-25 ट्रांसपोर्ट नगर स्थित फायर सब स्टेशन से दमकल की गाड़ी सहित कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान कृष्ण की करीब आधा एकड़ गेहूं की फसल जल चुकी थी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अगर दमकल की गाड़ी देरी से पहुंचती तो आसपास करीब 50 एकड़ गेहूं की फसल खड़ी है जो जल सकती थी। किसान कृष्ण का गेहूं का खेत पानीपत के सेक्टर 24 से गांव उग्राखेड़ी जाने वाली सड़क पर पड़ता है।
किसान कृष्ण के खेत के साथ ही एक अन्य किसान मनोज पुत्र महेंद्र भी अपने गेहूं की कटाई कर रहा था और आग लगने के कारण उसके खेत में कटे हुए गेहूं के कुछ गट्ठर भी जल गए हैं। इस बारे में अग्निशमन विभाग के फायर नोडल अधिकारी अमित गोस्वामी ने बताया कि गेहूं के खेत में आग लगने की सूचना दोपहर 3.17 बजे मिली और कर्मचारी तुरंत दमकल की गाड़ी सहित मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग पर तुरंत काबू पा लेने से आसपास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलने से बच गई।