जींद: गढ़ी थाना पुलिस ने युवक को अवैध रूप से अमेरिका भेजने तथा टॉर्चर कर साढ़े 49 लाख रुपये हड़पने पर पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव ढाबी टेकसिंह निवासी जयदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात अगस्त 2024 में गांव परधाना (पानीपत) निवासी अनूप तथा उसके साले गांव अगवानपुर (सोनीपत) निवासी राहुल से हुई थी। दोनों ने उसे अमेरिका भेजने की की बात कही। जिसके लिए 45 लाख रुपये तय हुए। आरोपितों ने कहा कि रुपये अमेरिका जाने के बाद देने होंगे। आश्वासन के बाद आरोपितों ने नौ सितंबर 2024 को उसे फ्लाइट से सूरीनाम भेज दिया। जिस डोंकर के पास रात को वह ठहरा। उस डोंकर की डिमांड पर उसके परिजनों ने राहुल के खाते में 12 लाख रुपये डलवा दिए। जिसके बाद माफिया के नाम से धमकी देकर उसे कार तथा जंगलों के रास्ते अमेरिका के लिए रवाना किया।

एक अक्टूबर 2024 को उसके परिजनों से फिर चार लाख रुपये वसूले गए। जिसके बाद उसके परिजनो से रुपये से वसूली की जाती रही। पनामा जंगलों में उसे पिटवाया गया। फिर से परिजनों से 15 लाख रुपये राहुल को दिए गए। किसी तरह वह 17 जनवरी 2025 को वह मैक्सिको पहुंचा। अनूप के कहने पर माफिया ने उसे 11 मार्च 2025 तक बंधक बना कर रखा। उसके साथ मारपीट की गई। करंट भी लगाया गया। उसका फोन छीन लिया गया। जब वह अमेरिका में दाखिल हुआ तब अनूप, राहुल तथा उसके जानकार उसके परिजनो से 49.46 लाख रुपये वसूले जा चुके थे।

25 जून 2025 को अमेरिका सरकार ने उसे वापस भारत डिपोर्ट कर दिया। वापस आने के बाद उसने आरोपितों से रुपये वापस मांगे। जिस पर आरोपितों ने रुपये वापस देने की बात कही। जिसको लेकर पंचायत भी हुई थी। तीस अप्रैल 2026 तक रुपये देने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके रुपये नही दिए गए।

मंगलवार को जानकारी देते हुए गढ़ी थाना के जांच अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस ने जयदीप की शिकायत पर गांव परधाना निवासी अनुप, राहुल, गांव भागल निवासी चरण सिंह, हरी सिंह, भगत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags: