Haryana हरियाणा: जींद के गोहाना रोड पर निधानी गांव के पास एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान निधानी निवासी 40 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार देर शाम निधानी निवासी अनिल बाइक पर खेत में गया था। इसके बाद वह रात करीब साढ़े नौ बजे खेत से वापस चल पड़ा।
उसने गांव के बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बाइक रोकी और सामान खरीदने के लिए बाइक से उतरने लगा, तभी जींद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना करने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि मृतक एक लड़के व एक लड़की का पिता था। वह ठेके पर जमीन लेकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।